Publish Date: Mon, 11 Dec 2017 (15:33 IST)
Updated Date: Mon, 11 Dec 2017 (15:36 IST)
दंगल गर्ल जायरा वसीम मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब छेड़छाड़ के आरोपी व्यक्ति की पत्नी ने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं। उन्होंने छेड़छाड़ की नीयत से जायरा को पांव नहीं लगाया।
आरोपी की पत्नी ने कहा कि एक करीबी परिवार में एक जवान मौत हो हुई थी। इसी के चलते उनके पति 24 घंटे से सो नहीं पाए थे। वे काफी थके हुए थे। उन्होंने विमान कर्मचारियों से कहा भी था कि वे थके हुए हैं और सोना चाहते हैं। अत: उन्हें परेशान न किया जाए। एएनआई के ट्वीट के मुताबिक आरोपी की पत्नी ने कहा कि उनके पति का पांव अभिनेत्री को लगा था, लेकिन उनका इरादा छेड़छाड़ करना नहीं था।
उल्लेखनीय है कि जायरा वसीम ने आरोप लगाया था कि दिल्ली से मुंबई जा रहे एक विमान में उनके सहयात्री ने उनके साथ छेड़छाड़ की। अभिनेत्री जायरा ने अपने साथ हुई इस घटना को इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो की मदद से लोगों तक पहुंचाया। इस कथित घटना के आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।