कांग्रेस ने दिग्विजय की टिप्पणी पर दी सफाई
नई दिल्ली , सोमवार, 30 जून 2014 (18:46 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस ने सोमवार को दिग्विजय सिंह के उस बयान से हुई क्षति को दूर करने का प्रयास किया जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी का स्वभाव शासक जैसा नहीं है जबकि भाजपा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर हमला करते हुए कहा कि उनमें प्रधानमंत्री बनने के गुण नहीं हैं।भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने सही बात कही है कि उनमें (राहुल में) प्रधानमंत्री बनने के गुण नहीं हैं। वे नेताओं के गुण के बारे में बात कर रहे थे। देश को यह जानना चाहिए कि उनमें (राहुल) में प्रधानमंत्री बनने के गुण नहीं हैं।शाहनवाज ने कहा कि भले ही जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश पर शासन किया हो, अब इस परिवार (नेहरू-गांधी परिवार) में यह नई सोच आई है कि उन्हें कोई जिम्मेदारी लिए बिना शासक की भूमिका निभानी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी 2004 में सरकार बनाने का दावा करने के लिए राष्ट्रपति के पास भले ही गई हों, लेकिन बाद में उन्होंने जिम्मेदारी मनमोहन सिंह को सौंप दी। जिम्मेदारी लिए बिना शासक बन जाओ। अब यही भूमिका राहुल गांधी के दिमाग में आई है।अपना हमला जारी रखते हुए शाहनवाज ने कहा कि वे (सोनिया-राहुल) पिछले 10 साल सत्ता में रहे लेकिन कोई जिम्मेदारी नहीं ली। ए. राजा जेल गए (2जी मामले में) लेकिन (शक की) सुई प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ओर घूम रही थी।दिग्विजय सिंह उस नई सोच की ओर संकेत कर रहे हैं, जो अब (कांग्रेस में) उभरकर सामने आई है। इस मामले में एक प्रकार से शर्मिंदगी महसूस कर रही कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह के बयान पर सफाई देने का प्रयास किया।पार्टी ने कहा कि यह बयान लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद पार्टी में चल रहे ‘मंथन’ की देन है। दूसरी तरफ एक वरिष्ठ नेता ने दिग्विजय के इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया कि राहुल गांधी में शासक वाला स्वभाव नहीं है। (भाषा)