प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन के निमंत्रण पर 11 और 12 नवंबर को रूस की यात्रा पर जाएँगे।
इस यात्रा की घोषणा यहाँ और रुस की राजधानी मास्को में एक साथ की गई। इस दौरान दोनों देश अपने रिश्तों को नई ऊँचाई तक ले जाने के लिए कई द्विपक्षीय दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करेंगे।
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह यात्रा भारत और रूस के बीच वार्षिक शिखर बैठकों के सिलसिले की ही एक कड़ी होगी।
इन शिखर बैठकों की शुरुआत 2000 में पुतिन की भारत यात्रा के साथ हुई थी। अंतिम शिखर बैठक इसी वर्ष 25-26 जनवरी को पुतिन की भारत यात्रा के दौरान हुई। पुतिन इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि भी थे।