मुंबई। कीनिया और इथोपिया के चोटी के धावकों के बीच 3 लाख 60 हजार डॉलर की इनामी राशि की रविवार को यहां छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से शुरू होने वाली 11वीं स्टैंडर्ड चार्टर्ड मुंबई मैराथन में कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है।
कीनिया के धावक इस प्रतियोगिता में पिछले 10 सालों से पुरुष वर्ग में अपना दबदबा बनाते रहे हैं। उसके खिलाड़ियों ने 7 बार खिताब जीता है जबकि महिला वर्ग में इथोपिया की धाविकाएं अपना स्थान बनाती रही हैं। उसने भी 7 बार महिला वर्ग का खिताब जीता है।
कीनिया के 2 बार के चैंपियन तथा दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जोन केली एक बार फिर प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। उनको मुख्य टक्कर अपने ही देश के केनैथ मुंगारा से मिलेगी।
भारतीय धावकों के मजबूत दल में अनेक बार के राष्ट्रीय चैंपियन सेना के रामसिंह यादव और बाइनिंग लेंगखोई 5 लाख रुपए के पहले इनाम के लिए टक्कर देंगे।
महिला वर्ग में पिछली बार की उपविजेता इथोपिया की दिंकनेश मेकाश के अलावा महिला वर्ग के खिताब के दावेदारों में इसी देश की येतालेमाहु किदाने अशनाकेच मेनगिसतु और एबेरू मेकुरिया शामिल हैं। (भाषा)