वसुंधरा फिर पहनेंगी ताज, शिव का कायम रहेगा राज
नई दिल्ली , सोमवार, 28 अक्टूबर 2013 (17:23 IST)
नई दिल्ली। आगामी विधानसभा चुनावों में चार राज्यों में जबर्दस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है। मध्यप्रदेश और राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती दिख रही हैं वहीं छत्तीसगढ़ और दिल्ली में दोनों के बीच मुकाबला कांटे का होने की संभावना है। समय टीवी नेटवर्क हब पल्स द्वारा किए गए इस सर्वेक्षण में मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली भाजपा 124 सीटों के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाती हुई दिख ही है। कांग्रेस को 94 सीटें मिलती दिख रही है। भाजपा को राज्य के 37 फीसदी मतदाताओं का समर्थन मिलता दिख रहा है, वहीं कांग्रेस का वोट शेयर 34 फीसदी रहने की उम्मीद है।सर्वेक्षण के मुताबिक शिवराज अभी भी राज्य के सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री के उम्मीदवार हैं। वहीं मध्यप्रदेश की 53 फीसदी जनता नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधनमंत्री बनते देखना चाहती है। इस मामले में राहुल गांधी 30 प्रतिशत पसंद के साथ दूसरे नंबर पर हैं। राजस्थान में वसुंधरा राजे की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में वापसी करती हुई दिखाई दे रही है। सर्वे के अनुसार भाजपा को 200 में से 103 सीटें मिलती दिख रही हैं जबकि कांग्रेस 79 सीटों पर सिमट रही है। मुख्यमंत्री के रूप में वसुंधरा 45 प्रतिशत जनता की पसंद हैं जबकि मौजूदा सीएम अशोक गहलोत 31 फीसदी लोगों की पसंद हैं।छत्तीसगढ़ विधनसभा चुनाव में रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार को लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए कांटे की टक्कर का सामना करना पड़ सकता है। सर्वेक्षण के मुताबिक ऊंट अभी किस करवट बैठेगा ये कहना आसान नहीं है।सर्वेक्षण में भाजपा को 46 सीटों का अनुमान लगाया गया है वहीं कांग्रेस को भी 42 सीटें मिलती दिख रही हैं। मुख्यमंत्री के पसंदीदा उम्मीदवार के तौर पर रमन सिंह 43 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ अब भी सबसे आगे दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस के अजित जोगी को 31 प्रतिशत लोग मुख्यमंत्री के तौर पर देख रहे हैं। पीएम की रेस में 45 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ भाजपा के नरेन्द्र मोदी सबसे आगे हैं। वहीं कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को 21 प्रतिशत लोग पीएम बनते देखना चाहते हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की दमदार उपस्थिति, शानदार प्रचार और लोगों के बीच लोकप्रियता के कारण दिल्ली का ताज कांग्रेस और भाजपा दोनों के लिए दूर की कौड़ी दिखाई दे रही है। सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली विधानसभा के त्रिशंकु होने के आसार हैं और सरकार बनाने में आप की भूमिका अहम हो सकती है। हालांकि इस चुनाव में भी मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है, लेकिन कई सीटों पर आप की दमदार मौजूदगी के कारण दोनों राष्ट्रीय पार्टियों का खेल बिगड़ता दिख रहा है। भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर है। सर्वेक्षण में भाजपा को 32 सीटें और कांग्रेस को 31 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। वहीं आप छह सीटों के साथ अपने पहले चुनाव में खाता खोलता दिख रही है। मुख्यमंत्री की रेस में 26 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ शीला दीक्षित सबसे आगे चल रही हैं वहीं भाजपा के विजय गोयल सीएम के तौर पर 22 प्रतिशत लोगों की पसंद हैं। आप के अरविंद केजरीवाल को 19 प्रतिशत लोग सीएम बनते देखना चाहते हैं वहीं भाजपा के ही डॉ. हर्षावर्धन को 14 प्रतिशत लोग सीएम के तौर पर पसंद कर रहे हैं। दिल्ली में पीएम की रेस में भाजपा के नरेन्द्र मोदी 45 प्रतिशत लोगों की पसंद के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को 29 प्रतिशत लोग पीएम बनते देखना चाहते हैं जबकि मनमोहन सिंह को सात प्रतिशत लोग पीएम बनते देखना चाहते हैं।सर्वेक्षण में लोकसभा चुनावों के पहले ही प्रधानमंत्री पद के लिए जनता की नब्ज टटोली गई। पीएम पद की रेस में नरेन्द्र मोदी को राजस्थान के 56 प्रतिशत लोग पसंद कर रहे हैं जबकि कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 32 प्रतिशत लोगो की पसंद हैं। (भाषा)