Sawan posters

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मोदी ने प्रियंका पर फिर साधा निशाना

Advertiesment
हमें फॉलो करें लोकसभा चुनाव 2014
बगहा/ बेतिया (बिहार) , बुधवार, 7 मई 2014 (17:48 IST)
FILE
बगहा/ बेतिया (बिहार)। 'नीच राजनीति' की प्रियंका गांधी की टिप्पणी पर एक बार फिर निशाना साधते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि जो लोग गोदामों में अनाज सड़ने दे रहे हैं और राष्ट्रमंडल खेल में घोटाला कर रहे हैं, वे ‘नीच राजनीति’ कर रहे हैं।

बगहा और बेतिया में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि इस पार्टी (कांग्रेस) की स्थिति इतनी अधिक खराब हो गई है कि उसके लिए अमेठी (राहुल गांधी का चुनाव क्षेत्र) को बचाना मुश्किल हो रहा है और जब जनता का मूड बदल गया है, तब उन्हें पसीना बहाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि अमेठी में बुधवार को मतदान हो रहा है और राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। सोनिया और राहुल पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि वे गरीब परिवार से आए हैं और उन्हें जनता से जनादेश मांगने में कोई परेशानी नहीं है लेकिन वे निवर्तमान सरकार की तरह देश को नहीं लूटेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार समझता है कि देश और जनता उनकी जेब में है। कांग्रेस नीत सरकार ने आदिवासियों के कल्याण की चिंता नहीं की।

उन्होंने कहा कि 'नीच राजनीति' क्या है? अनाज सड़ जाए और उसे चूहे खा जाएं। उच्चतम न्यायालय ने कहा कि इस अनाज को गरीबों में बांट दिया जाए। सरकार ने इसे नहीं माना जबकि गरीब बच्चे तड़प रहे हैं। इसे बाद में शराब निर्माताओं को बेचा जाता है। यह नीच राजनीति है, नीच कर्म है।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि वे राष्ट्रमंडल खेल में टॉयलेट पेपर से पैसे बनाते हैं... पाकिस्तान हमारे सैनिकों का सिर काट लेता है और हमारी सरकार वहां के प्रधानमंत्री को चिकन-बिरयानी खिलाते हैं। यह निचले स्तर की राजनीति है। क्या आप इन्हें माफ करेंगे?

मोदी ने कहा कि इसी तरह आपने बिजली उत्पादन में उपयोग में आने वाले कोयले की लूट की... क्या यह निचले स्तर की राजनीति नहीं है? उन्होंने कहा कि यह चुनाव बदलाव के लिए है और लोगों को अधिकतम संख्या में भाजपा उम्मीदवारों को लोकसभा में भेजना चाहिए।

किसानों को लुभाने का प्रयास करते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि भाजपा ने फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य का एक फॉर्मूला तैयार किया है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि उनका शोषण सरकारी अधिकारी और कारोबारियों का गठजोड़ नहीं नहीं कर सके और उन्हें अपने निवेश पर 50 प्रतिशत का मुनाफा हासिल हो सके।

गुजरात के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव में अपनी हार सामने देखकर हताशा में वे हर रोज उन्हें (मोदी) गाली देते हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता हर रोज मुझे सत्ता में आने से रोकने के लिए नई-नई तरकीब तलाशते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक सूत्री काम उन्हें रोकने के मिशन पर काम करने का रह गया है।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस को इस बात की चिंता सताने लगी है कि एक चाय बेचने वाला और गरीब परिवार का लड़का उन्हें चुनौती दे रहा है इसलिए वे एक के बाद एक साजिश कर रहे हैं ताकि मुझे किसी भी कीमत पर रोका जा सके। अब यह आप पर निर्भर है कि इस चुनाव में आप क्या चाहते हैं?

मोदी ने कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की रिसर्च टीम इस बात के लिए लगती है कि मोदी पर कौन-सी कालिख पोती जाए। सभी डिक्शनरी (शब्दकोष) लेकर बैठते हैं और सुबह होते ही एक बम गोला फेंका जाता है गालियों का।

मोदी ने गांधी परिवार पर प्रहार करते हुए कहा कि हम काम कर रहे हैं देश के विकास के लिए, वे काम कर रहे हैं मोदी को रोकने के लिए। मेरा एजेंडा है किसान एवं आदिवासियों की भलाई करना तथा नौजवानों को रोजगार देने के लिए प्रयत्न करना, उनका एजेंडा है मोदी रोकना। आप तय कीजिए देश को क्या चाहिए?

बेतिया में मोदी ने आदर्श सोसाइटी घोटाला और संप्रग सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित 'निर्भया कोष' का उपयोग नहीं करने के विषय को उठाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और उनके पु़त्र ने अपने क्षेत्र के विकास का ख्याल नहीं रखा और यहां तक कि उनके क्षेत्र में पेयजल उपलब्ध नहीं है।

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि केंद्र में बदलाव के बारे में जनमत दिखाई दे रहा है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi