कतर के स्वास्थ्य विभाग ने केरल के चार अस्पतालों को फर्जी रोजगार प्रमाण-पत्र जारी करने के आरोप में काली सूची में डाल दिया है। इन अस्पतालों पर आरोप है कि इन्होंने देश में लाइसेंस प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को फर्जी प्रमाण-पत्र जारी किए।
समाचार पत्र ‘द पेनिनसुला’ की रिपोर्ट के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की इकाई ‘सुप्रीम काउंसिल ऑफ हेल्थ’ की लाइसेंसिंग समिति द्वारा कराई गई जाँच में इस बात की पुष्टि हुई कि इन अस्पतालों ने कतर में नौकरी की इच्छा रखने वाले अनेक चिकित्सकों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को फर्जी प्रमाण-पत्र जारी किए।
जिन अस्पतालों को काली सूची में डाला गया है उनमें अलापुझा स्थित वेंकटेश्वर अस्पताल, चिंगावानम स्थित एलिट अस्पताल, कोट्टायम के रामापुरम बाजार स्थित सेंट ऑगस्टिन अस्पताल और थेकुंभम स्थित जनता अस्पताल हैं।
चिकित्सा लाइसेंस विभाग (एमएलडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इन अस्पतालों को खाड़ी के अन्य देशों में भी काली सूची में डाला जाएगा और इसके लिए सूचना जारी कर दी गई है। (भाषा)