पटियाला में गत वर्ष जुलाई में भारतीय नेता रूल्दा सिंह की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने वेस्ट मिडलैंड्स के रहने वाले चार ब्रितानी सिखों को गिरफ्तार किया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से सम्बद्ध सिख संगत के नेता रूल्दा सिंह की उनकी दुकान के बाहर 29 जुलाई वर्ष 2009 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
रूल्दा सिंह ने सिखों से भारत लौटने का आग्रह करने के लिए ब्रिटेन और अन्य देशों की कथित रूप से यात्रा की थी। बब्बर खालसा इंटरनेशनल ने रूल्दा सिंह पर हमले की जिम्मेदारी कथित रूप से ली थी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने भारत में रूल्दा सिंह की हत्या के संदेह में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी ब्रिटेन के रहने वाले हैं और इनकी उम्र 27 से 36 साल के बीच है।’ (भाषा)