अमेरिका के टेक्सॉस में क्रिसमस के दिन एक गैस स्टेशन पर भारतीय छात्र की हत्या को लेकर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने इन दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
डेनियल जैकोब स्टिनर (22) और माइकल रे मॉरिस (29) के खिलाफ 22 वर्षीय भारतीय छात्र जयचंद्रन इलाप्रोलू की हत्या करने का आरोप है। दोनों आरोपी पासाडेनिया के रहने वाले हैं। गौरतलब है कि कम्प्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा छात्र जयचंद्रन उस गैस स्टेशन पर क्लर्क की नौकरी भी करता था जहाँ पर आरोपियों ने डकैती करने के लिए जयचंद्रन को गोली मार दी थी।
पुलिस ने बताया कि स्टिनर ने कल आत्मसमर्पण किया था और जाँचकर्ताओं को उस जगह पर ले गया था जहाँ उसने डकैती में प्रयोग किए गए मास्क को फेंका था। इसके अलावा उसने चोरी किए हुए धन में से 400 डॉलर लौटाने की बात भी कही थी।
वहीं मॉरिस ने पुलिस से कहा है कि गोलीबारी के दौरान वह दुकान में बतौर ग्राहक गया था लेकिन पुलिस को शक है कि उसने इस पूरे कांड में जासूस के तौर पर काम किया है। (भाषा)