पूर्व गवर्नर रोड ब्लागोजेविक के मामले के मुख्य गवाह राजिंदर बेदी पर घर की मरम्मत करने संबंधी दुकान से कथित रूप से सामान चुराने का आरोप लगा है। भारतीय मूल के बेदी शिकागो के जाने-माने व्यापारी है।
शिकागो सन टाइम्स की खबरों के अनुसार बेदी पर फॉर नार्थ साइड होम डिपो से 166 अमेरिकी डॉलर मूल्य के सामान की चोरी का आरोप है। गौरतलब है कि गर्मी में बेदी ने ब्लागोजेविक के खिलाफ एक मामले में गवाही दी थी। बेदी के भाई जतिंदर बेदी ने इस बाबत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शिकागो सन टाइम्स ने बताया है कि सामान चोरी करने का मामला सामने आने के बाद बेदी की विश्वसनीयता पर संदेह हो गया है कि उन्होंने ब्लागोजेविक के खिलाफ गवाही सही दी थी या नहीं। ऐसे में बेदी की गिरफ्तारी भी हो सकती है। पुलिस की रिपोर्ट में इस बात का विवरण नहीं है कि बेदी ने कथित रूप से किस सामान की चोरी की है।
गौरतलब है कि बेदी ने ब्लागोजेविक के खिलाफ इस बात की गवाही दी थी कि पूर्व गर्वनर ने राष्ट्रपति बराक ओबामा की पुरानी सीनेट सीट को बेचने की कोशिश की थी। (भाषा)