Publish Date: Tue, 10 Nov 2015 (19:42 IST)
Updated Date: Tue, 10 Nov 2015 (19:49 IST)
मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने मंगलवार को भारतीयों को दिवाली पर बधाई दी और ऑस्ट्रेलिया की बहुलता के आदर्श और विविधता में एकता के लिए प्रशंसा की।
हाल में ऑस्ट्रेलिया के 29वें प्रधानमंत्री बनने वाले टर्नबुल ने कहा, 'मुझे 2015 में दिवाली त्योहार का संदेश देते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है।'
उन्होंने कहा कि दिवाली का त्योहार ऐसा समय है जब हम परिवार और मित्रों के साथ एकत्रित होकर इस त्योहार के अर्थ अंधेरे पर प्रकाश की जीत को प्रतिबिंबित करते हैं। प्राचीन परंपरा इस मौके पर पूजा, प्रार्थना के अलावा नृत्य, अच्छे भोजन के साथ जश्न मनाने की है।
उन्होंने कहा, 'हमारा देश सभी आस्थाओं के लोगों के के लिए भी उम्मीद की एक किरण है। मैं सभी को एक सुखद दिवाली की बधाई देता हूं।'
दिवाली का त्योहार मेलबर्न और सिडनी सहित सभी प्रमुख शहरों में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों द्वारा मनाया जा रहा है। सिडनी में गुरूवार को दिवाली के त्योहार पर ओपेरा हाउस सुनहरे नारंगी रंग से सरोबार रहेगा। (भाषा)