Publish Date: Wed, 04 Nov 2015 (17:48 IST)
Updated Date: Wed, 04 Nov 2015 (17:53 IST)
- रोहित कुमार हैप्पी
वाशिंगटन। अमेरिका में बोले जाने वाली भारतीय भाषाओं में हिंदी पहले स्थान पर है। इस देश में करीब 6.5 लाख लोग हिंदी बोलते हैं। इसके बाद गुजराती और उर्दू का नंबर आता है।
अमेरिकी जनगणना ब्यूरो ने अमेरिकी समुदाय सर्वेक्षण के 2009 से लेकर 2013 के आंकड़ों के आधार पर बताया है कि अमेरिका में छह करोड़ से अधिक लोग घर पर अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाएं बोलते हैं।
अमेरिका में घरों में अंग्रेजी के अलावा बोली जाने वाली शीर्ष भाषाओं में स्पेनिश, चीनी, फ्रेंच, कोरियाई, जर्मन, वियतनामी, अरबी, टागालोग और रूसी भाषा शामिल है।
करीब चार लाख अमेरिकी निवासी उर्दू बोलते हैं और 3.7 लाख से अधिक लोग गुजराती बोलते हैं। अमेरिका में हिंदी के अलावा अन्य सभी प्रमुख भारतीय भाषाएं भी बोली जाती है। जनगणना ब्यूरो ने के अनुसार 2.5 लाख से अधिक लोग बंगला और 2.5 लाख से अधिक लोग पंजाबी भाषा बोलते हैं जबकि 73,000 से अधिक लोग मराठी, 5,000 से अधिक लोग उड़िया, करीब 1300 लोग असमिया और करीब 1700 लोग कश्मीरी भाषा बोलते हैं।
करीब 600 लोग बिहारी भाषा और करीब 700 लोग राजस्थानी भाषा बोलते हैं। 94,000 से अधिक लोग नेपाली और करीब 9,000 लोग सिंधी बोलते हैं। करीब 250,000 लोग तेलुगु, 190,000 लोग तमिल, 146,000 लोग मलयालम और 48,000 लोग कन्नड़ भाषा बोलते हैं।