Publish Date: Sat, 03 Jun 2017 (18:38 IST)
Updated Date: Sat, 03 Jun 2017 (18:41 IST)
लंदन। ब्रिटेन में एक अज्ञात शख्स द्वारा किए गए बेसबॉल बैट के हमले में भारतीय मूल के नागरिक की मौत हो गई। स्कॉटलैंड यार्ड ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और आरोपी का सुराग देने वाले को 10,000 पाउंड देने की घोषणा की है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतनामसिंह (45) 6 मार्च को दक्षिण पश्चिम लंदन के हायेस इलाके में एक दोस्त के साथ जा रहे थे, तभी एक कार आकर रुकी। एक व्यक्ति कार से निकला और उन पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।
पेशे से बिल्डर सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ गई और 23 मई को उनकी मौत हो गई। स्कॉटलैंड यार्ड ने सिंह की हत्या की गुत्थी सुलझाने में मदद करने वाले को 10,000 पाउंड (12,870 डॉलर) के इनाम की घोषणा की है।
डिटेक्टिव इंसपेक्टर जॉन मीगर ने कहा कि दुख की बात है कि जिस मामले में हत्या के प्रयास के तहत जांच हो रही थी, अब हत्या की जांच बन गई है। करीब 3 महीने पहले सतनाम पर क्रूरता से हमला किया गया और वह इतने दिन तक अस्पताल में रहे। उनकी मौत से उनके परिजन पूरी तरह टूट गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय जातीय घृणा का कोई साक्ष्य नहीं है, लेकिन अधिकारी हमले की वजह को लेकर खुले दिमाग से काम कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि स्थानीय लोगों में ही जवाब मिल जाएगा।