लंदन। प्रवासी भारतीय वकील और ब्रिटेन स्थित एक अंतरराष्ट्रीय कानून कंपनी की संस्थापक सरोष जायवाला को प्रतिष्ठित काउंसिल ऑफ यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो हैरिस स्कूल ऑफ पब्लिक पॉलिसी में नियुक्त किया गया है।
जायवाला इस नियुक्ति से उस प्रख्यात समूह में शामिल हो जाएंगे जिसके सदस्य ब्राजील, फ्रांस, भारत, जापान, लेबनान, मलेशिया, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों से लिए जाते हैं।
डीन की अंतरराष्ट्रीय परिषद में नियुक्त सदस्य सार्वजनिक, गैरलाभकारी और निजी क्षेत्र में उल्लेखनीय अनुभव वाले विशेषज्ञ पेशेवर होते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर अपनी महत्वपूर्ण सलाह देते हैं और वे नई नीतिगत पहल एवं संसाधन विकास के स्रोत होते हैं।
अपनी नियुक्ति पर जायवाला ने कहा कि मैं इस जैसे ऐसे प्रतिष्ठित एवं विश्व प्रख्यात संस्थान के लिए काउंसिल में शामिल होने के लिए कहे जाने पर वाकई सम्मानित महसूस कर रहा हूं। (भाषा)