न्यूयॉर्क। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में मास्टर कार्ड के भारतीय-अमेरिकी सीईओ अजय बंगा, पेप्सिको की इंद्रा नूई और माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला ने भी शिरकत की।
अमेरिकी राष्ट्रपति के सरकारी आवास व्हाइट हाउस में शुक्रवार रात आयोजित इस भोज में बंगा, नूई और नडेला अपने परिवार के साथ पहुंचे थे। ओबामा के इस रात्रिभोज में इन्हीं 3 भारतीय-अमेरिकी उद्यमियों को आमंत्रित किया गया था।
ओबामा के इस रात्रिभोज में 200 से अधिक आमंत्रितों की सूची में एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट, फेसबुक, डिजनी, ड्रीमवर्क्स सहित कई अन्य जानी-मानी कंपनियों के प्रमुख शामिल थे।
जो भी सीईओ इस भोज में उपस्थित थे उनमें से ज्यादातर या तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से न्यूयॉर्क में एक दिन पहले मिल चुके हैं या फिर उनकी सिलीकॉन वैली में उनसे मुलाकात होनी है। बंगा और नूई की मोदी के साथ मुलाकात 'फार्च्यून' पत्रिका द्वारा आयोजित रात्रिभोज के दौरान पहले हो चुकी है।
नडेला की प्रधानमंत्री मोदी से सान जोस में मुलाकात होगी। (भाषा)