Publish Date: Sat, 10 Jun 2017 (23:07 IST)
Updated Date: Sat, 10 Jun 2017 (23:15 IST)
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय में एक पोस्ट-डॉक्टरल फैलो को एक किशोर ने ‘ओसामा’ कहा जो समुदाय के सदस्यों के खिलाफ नस्ली घटना का ताजा मामला है। विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर रिलीजन एंड मीडिया में पोस्ट डॉक्टरल फैलो सिमरन जीत सिंह ने एनबीसी न्यूज पर एक लेख में इस घटना का वर्णन किया। सिंह सिख कोएलिशन समूह से भी जुड़े हैं।
सिंह ने इसमें बताया कि नस्ली आरोप पर वह चुप नहीं रहे और उन्होंने अश्वेत युवक का सामना किया। उन्होंने बताया कि गुरूवार को वह शहर में हडसन नदी के पास से गुजर रहे थे। वह अपने दफ्तर से घर जा रहे थे। उनके कानों में हेडफोन लगे थे फिर भी वह सुन सकते थे कि कोई उन्हें ‘ओसामा, ओसामा’ कह रहा था। वह युवक और अपशब्द भी कह रहा था।
जब उन्होंने पीछे मुड़कर देखा तो पाया कि यह तीन किशोरों का समूह था। सिंह के मुताबिक पहले तो उन्होंने सोचा कि वे अपने रास्ते पर चलते रहें लेकिन फिर उन्हें पिछले हफ्ते की घटना याद आ गई जब एक वृद्ध महिला ने उन पर ऐसी ही नस्ली टिप्पणी की थी। हालांकि उन्होंने महिला को कोई जवाब नहीं दिया था। सिंह उस किशोर के पास पहुंचे तो उसने कहा कि वह मजाक कर रहा था। उसने माफी भी मांगी। तो सिंह ने उसे कहा कि 'यह तकलीफदेह है'। (भाषा)