Publish Date: Fri, 19 Aug 2016 (15:29 IST)
Updated Date: Fri, 19 Aug 2016 (15:32 IST)
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन का लक्ष्य जहां सबसे बड़े अवरोधक को तोड़ना है, वहीं इस नवंबर में अमेरिकी कांग्रेस की चुनावी दौड़ में शामिल 19 महिलाओं की सूची में 3 भारतीय-अमेरिकी महिलाएं भी चुने जाने पर इतिहास रच सकती हैं।
'कॉस्मोपॉलिटन पत्रिका' ने महिलाओं की सूची जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस में सिर्फ 19 महिलाएं हैं और नवंबर के चुनाव में चुने जाने पर दोनों पार्टियों की एक दर्जन से अधिक महिलाएं ही अवरोधकों को तोड़ने में सफल हो सकती हैं।
इस सूची में शामिल 3 भारतीय-अमेरिकी महिलाएं हैं- प्रमिला जयपाल, कमला हैरिस और लतिका मेरी थॉमस। प्रमिला वॉशिंगटन राज्य से प्रतिनिधि सभा के लिए चुनावी मैदान में हैं। कमला हैरिस कैलिफोर्निया से सीनेट में प्रवेश की कोशिश कर रही हैं। लतिका मेरी थॉमस फ्लोरिडा से रिपब्लिकन टिकट पर सदन की सदस्यता की दौड़ में हैं। (भाषा)