अमेरिका, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका में भारतीय समुदायों द्वारा तिरंगा फहराकर और शांति प्रार्थनाओं को आयोजित कर गणतंत्र दिवस मनाया गया।
अमेरिका में भारत के राजदूत रोनेन सेन ने वाशिंगटन में एक कार्यक्रम में तिरंगा फहराया। इसमें भारी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग शामिल हुए। यहाँ राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का देश के नाम संदेश भी पढ़ा गया।
लंदन की सदियों पुरानी वेस्टमिंस्टर एब्बे गिरजाघर में शांति और समृद्धि के लिए एक विशेष प्रार्थना के साथ गणतंत्र दिवस समारोह मनाया गया। यह दुनिया के सबसे खूबसूरत गिरजाघरों में ये एक है।
ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त शिवशंकर मुखर्जी और इंडिया हाउस के वरिष्ठ अधिकारी गिरजाघर में मौजूद थे। यहाँ वेस्टमिंस्टर एब्बे के ले विकार्स ने भारत की शांति और समृद्धि के लिए एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया।
मुखर्जी ने देश के 60 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर इससे पहले इंडिया हाउस में तिरंगा फहराया। मुखर्जी ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्वारा लिखे गए देश के नाम संदेश को पढ़ा।