Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

बोल्ट की गोल्डन हैट्रिक का 'डबल'

जमैका का नया विश्व रिकॉर्ड

हमें फॉलो करें बोल्ट की गोल्डन हैट्रिक का 'डबल'
लंदन , रविवार, 12 अगस्त 2012 (20:04 IST)
विश्व के सबसे तेज धावक जमैका के उसेन बोल्ट ने बीजिंग ओलिंपिक में तीन स्वर्ण पदक जीतने की अपनी कामयाबी को लंदन ओलिंपिक में दोहराते हुए खेलों के महाकुंभ में 'गोल्डन हैट्रिक' का 'डबल' बना लिया है।

PTI
बोल्ट की अगुआई में जमैका ने लंदन ओलिंपिक की चार गुणा 100 मीटर रिले दौड़ का स्वर्ण पदक शनिवार को 36.84 सेकंड के नए विश्व रिकॉर्ड के साथ अपने नाम कर लिया। बोल्ट ने बीजिंग ओलिंपिक में 100 मीटर, 200 मीटर और चार गुणा 100 मीटर के स्वर्ण पदक जीते थे और इस बार भी उन्होंने इन तीनों ही स्पर्धाओं में लंदन में स्वर्ण पदक जीत लिए।

बोल्ट, योहान ब्लेक, माइकल फ्रेटर और नेस्टा कार्टर की चौकड़ी ने चार गुणा 100 रिले में भी अपने देश का झंडा बुलंद किया। उन्होंने पिछले साल दाएगू में हुई विश्व चैंपियनशिप में बनाए गए अपने ही 37.04 सेकंड के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया।

इस स्पर्द्धा का रजत पदक ट्रेल किमंस, जस्टिन गेटलिन, टायसन गे और रेयान बेली की अमेरिकी टीम को मिला। कनाडा वैसे तो तीसरे स्थान पर रहा लेकिन तकनीकी कारणों से अयोग्य घोषित कर दिए जाने के चलते कांस्य पदक त्रिनिडाड एवं टोबैगो को दे दिया गया।

इस तरह महज 27 लाख की आबादी वाले कैरेबियाई देश जमैका का एथलेटिक्स स्पर्द्धाओं में शानदार प्रदर्शन जारी रहा1 इसके पहले बोल्ट 100 और 200 मीटर दौड में जमैका को सुनहरी कामयाबी दिला चुके थे जबकि शेली एन फ्रेजर प्राइस ने महिलाओं की 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल किया है।

बोल्ट ने इस रिले में जीत दर्ज करके बीजिंग ओलिंपिक खेलों की तरह लंदन में भी तीन स्वर्ण पदक जीतने का कारनामा दोहरा दिया। उन्होंने 100 मीटर स्पर्द्धा 9.63 सेकंड के नए ओलिंपिक रिकॉर्ड के साथ जीती है जबकि 200 मीटर की दौड़ चौथे सर्वश्रेष्ठ समय के साथ अपने नाम की है।

लंदन ओलिंपिक में अपने अभियान का शानदार आगाज और लाजवाब अंत करने वाले बोल्ट ने कहा 'ओलिंपिक में अपने स्वर्ण अभियान को इतने शानदार अंदाज में समाप्त करके बहुत अच्छा लग रहा है। मैं आज इतना खुश हूं कि मुझे अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए शब्द भी नहीं मिल रहे। हम चार गुणा 100 मीटर में इससे भी तेज दौड़ सकते थे लेकिन हमने भविष्य में सुधार के लिए गुजाइंश छोड दी।

इस बीच अमेरिका ने महिलाओं की चार गुणा 400 दौड जीत ली है। एलिसन फेलिक्स की अगुआई में अमेरिकी टीम ने तीन मिनट 16.87 सेकंड में यह दौड़ पूरी करके स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रूस को स्पर्द्धा का रजत जबकि जमैका को कांस्य पदक मिला। एलिसन ने इस तरह लंदन ओलिंपिक में तीसरा स्वर्ण पदक जीत लिया।

ब्रिटेन के मो फाराह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही ओलिंपिक में 5000 और 10000 मीटर का 'डबल' पूरा कर लिया। उन्होंने कुछ दिन पहले ही 10000 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता था। एक ही ओलिंपिक में ये दोनों रेस जीतने वाले वे सातवें पुरुष धावक बन गए हैं।

फाराह ने अपनी इस उपलब्धि के बाद कहा मैं अपनी बेटियों के लिए यह पदक जीतना चाहता था। उनकी पत्नी तान्या इस समय गर्भवती हैं। रूस की विश्व चैंपियन मारिया सेरिनोवा ने दक्षिण अफ्रीका की केस्टर सेमेन्या की कड़ी चुनौती पर काबू पाते हुए महिलाओं की 800 मीटर दौड़ जीत ली।

त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वालकाट ने सभी को चौंकाते हुए भाला फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।

मैक्सिको ने ब्राजील को 2-1 से चौंकाते हुए पुरुष फुटबॉल का स्वर्ण पदक पहली बार जीता जबकि ब्राजील की महिलाओं ने अमेरिका को पराजित कर वॉलीबॉल का स्वर्ण पदक जीत लिया। अमेरिकी महिला बास्केटबॉल टीम ने फ्रांस को 86-50 से पीटकर लगातार पांचवीं बार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए। (वार्ता)

हमारे साथ WhatsApp पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें
Share this Story:

वेबदुनिया पर पढ़ें

समाचार बॉलीवुड ज्योतिष लाइफ स्‍टाइल धर्म-संसार महाभारत के किस्से रामायण की कहानियां रोचक और रोमांचक

Follow Webdunia Hindi