Publish Date: Sat, 13 Sep 2014 (16:39 IST)
Updated Date: Tue, 16 Sep 2014 (17:35 IST)
आतंकियों की गोलियों से छलनी कश्मीर घाटी को अब जल प्रलय ने बर्बाद कर दिया है। बाढ़ का पानी उतार पर है, मगर जिंदगी और मुश्किल हो गई है। क्योंकि किसी का आशियाना बाढ़ ने निगल लिया है तो किसी मां की गोद उजड़ गई है। किसी के घर का मुखिया ही इस भीषण आपदा का शिकार हो गया। लोगों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, तो कोई अभी भी राहत के लिए आसमान की ओर ताक रहा है। कहीं से कोई मदद मिल जाए। इसमें कोई संदेह नहीं कि सेना धरती के स्वर्ग कश्मीर में आई आपदा में पीड़ित लोगों के लिए देवदूत साबित हो रही है।
इस बीच, खबर है करीब डेढ़ लाख लोगों को बचा लिया गया है। डेढ़ लाख लोग अभी राहत कैंपों में रह रहे हैं। वहीं अभी भी कई इलाके ऐसे हैं जहां अभी तक मदद नहीं पहुंच पाई। जैसे जैसे पानी का स्तर घट रहा है, बर्बादी के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। आइए देखते हैं कुछ ऐसे ही फोटो जो कश्मीर के कहर की कहानी तो कह ही रही हैं, साथ ही लोगों की पीड़ा को भी प्रकट कर रही हैं। ये तस्वीरें यह भी बयां कर रही हैं कि किस तरह हमारे जांबाज सैनिक इस मुश्किल घड़ी में लोगों की मदद के लिए दिन-रात एक किए हुए हैं। (सभी चित्र : सुरेश डुग्गर, जम्मू कश्मीर से)