Publish Date: Sun, 22 Jan 2017 (08:54 IST)
Updated Date: Sun, 22 Jan 2017 (09:54 IST)
खडूर साहिब। पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन ने सत्ता में आने पर सभी छोटे किसानों के कर्ज माफ करने, अनाज पर एक सौ रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने और किसानों को दो लाख रुपए तक का कृषि ऋण देने का फैसला किया है।
झबाल के अकाली प्रत्याशी हरमीत संधु और खडूर साहिब में रविंदर ब्रह्मपुरा के समर्थन में आयोजित रैलियों के दौरान आदल ने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन फसलों के नुकसान की उचित भरपाई को भी सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने कहा कि वह किसानों की समस्याओं से भली प्रकार से परिचित हैं। इसके लिए उन्होंने किसानों के लिए एक मुकम्मल पैकेज तैयार किया है। सत्ता में आने पर सभी छोटे किसानों के कर्ज माफ किए जाएंगे। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से किसानों को गेहूं और धान की फसलों पर एक सौ रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को दो लाख रुपए तक ऋण मुक्त कर्ज भी दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गठबंधन खेत मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए भी वचनबद्ध है। गठबंधन सरकार ने प्राकृतिक आपदा से होने वाले फसलों के नुकसान पर खेत मजदूरों को भी दस फीसदी की राहत देने का निर्णय किया है।
बादल ने कहा कि गठबंधन की ओर से किसानों को मांग के आधार पर नलकूप कनेक्शन दिए जाएंगे। अपनी सरकार के दौरान गठबंधन ने लाखों किसानों को नलकूप कनेक्शन दिए हैं। नई सरकार में इस योजना में छोटे किसानों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अकाली भाजपा गठबंधन जल्द ही राज्य के कमजोर वर्गों के लिए एक विशेष पैकेज की घोषणा करेगा। यह गठबंधन पंजाब और पंजाबी पक्षीय गठबंधन है जबकि आम आदमी पार्टी कांग्रेस से भी दो कदम आगे है। यह दल बाहरी लोगों की सेना है।
अरविंद केजरीवाल पंजाब पर शासन करना चाहते हैं। क्या पंजाब के लोग किसी बाहरी इंसान को पंजाब पर राज करने की इजाजत दे सकते हैं। यह वही आदमी है जिसने पहले अपने गुरू अन्ना हजारे को धोखा दिया और फिर आम आदमी पार्टी के संस्थापकों को धोखा दिया। इसके बाद पंजाब के लोगों को एसवाईएल मुद्दे पर मूर्ख बनाया। ऐसे इंसान पर कोई विश्वास कैसे कर सकता है। (वार्ता)