Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

राजस्थान में गरजे अमित शाह, कांग्रेस सरकार ने राज्य को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी

हमें फॉलो करें amit shah
, मंगलवार, 7 नवंबर 2023 (14:59 IST)
Rajasthan election news : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि इसने 5 साल के कार्यकाल में राज्य को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शाह ने कांग्रेस सरकार को 'सबसे भ्रष्ट सरकार' बताया।
 
नावां विधानसभा सीट के कुचामन कस्बे में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि पांच साल अशोक गहलोत की सरकार चली और अशोक गहलोत की सरकार ने इस वीर भूमि को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सबसे भ्रष्ट सरकार अगर कहीं पर रही है तो वह यहां है। राजस्थान की सरकार सबसे भ्रष्ट है।
 
मुख्यमंत्री गहलोत पर कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि लाल कलर देखकर गहलोत जी भड़क जाते हैं। कुछ भी लाल हो, गहलोत जी को लाल डायरी ही नजर आती है, और कुछ नजर नहीं आता।
 
शाह ने विभिन्न विभागों में घोटालों का आरोप लगाते हुए कहा कि यहां खनन विभाग में 66 हजार करोड़ रुपए का घोटाला किया और जल जीवन मिशन के नाम पर 20,000 करोड़ रुपए खा गए। गहलोत जी ने तुष्टिकरण की राजनीति की सारी सीमाएं लांघ दी हैं।
 
भाजपा नेता ने कहा कि चाहे बिजली देनी हो, स्वास्थ्य सुरक्षा ठीक करनी हो या कानून व्यवस्था ठीक करनी हो, ये काम केवल और केवल कमल फूल की सरकार कर सकती है, भाजपा सरकार कर सकती है।
 
शाह ने कहा कि राज्य सरकार ने पेपर लीक मामले में 'विश्व रिकार्ड' बनाया है। उन्होंने कहा कि आप कमल फूल की सरकार बना दीजिए, आने वाले दिनों में हम ऐसी व्यवस्था करेंगे कि राजस्थान में एक भी पेपर लीक नहीं होगा।
 
राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 25 नवंबर को होगा जबकि वोटों की गिनती 3 अक्टूबर को होगी। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 


Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश में महिला वोटर्स का रुख तय करेगा नई सरकार का चेहरा, शिवराज और कमलनाथ में लगी होड़