Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

कांग्रेस ने राज्यों के बीच दरार डाली-नरेन्द्र मोदी

Advertiesment
हमें फॉलो करें कांग्रेस ने राज्यों के बीच दरार डाली-नरेन्द्र मोदी
सुमेरपुर (पाली) , शुक्रवार, 29 नवंबर 2013 (17:04 IST)
KANAK MEDIA
सुमेरपुर (पाली)। कांग्रेस पर ‘बांटो और राज करो’ की नीति पर चलने का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र ने पानी के वितरण के मुद्दे पर राज्यों के बीच मतभेद पैदा किया है।

मोदी ने यहां पार्टी की एक रैली में कहा कि पानी बांटने के मुद्दे पर राज्यों के बीच टकराव की स्थिति है और यह सब केंद्र की वजह से है। कांग्रेस भाइयों, जातियों, समुदायों और राज्यों को एक-दूसरे के सामने खड़ा कर देती है, क्योंकि बांटो और राज करो की नीत पर चलती है। उन्होंने राजस्थान को नर्मदा नदी से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान को नर्मदा से अधिक पानी मिल सकता है लेकिन उसे नहीं मिल रहा और इसके लिए केंद्र जिम्मेदार है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार सरदार सरोवर बांध पर गेट लगाने में विलंब कर रही है। यह काम पूरा होने के बाद यहां सूखा क्षेत्र में अधिक पानी पहुंच सकता है लेकिन केंद्र राजनीति कर रहा है।

मोदी की नजर में क्या है कांग्रेस का पाप.... पढ़ें अगले पेज पर...


मोदी ने जनसभा से कहा कि यह कांग्रेस का पाप है जिसने लोगों का जीवन दूभर बना दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार ने आंध्रप्रदेश के विभाजन का काम इस तरह किया कि दोनों सीमांध्र और तेलंगाना क्षेत्र जल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समान भाषा वाले दोनों क्षेत्रों के बीच भी पानी को लेकर मुद्दा है। गुजरात के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति चाहती है और गुजरात ने उनकी वजह से नहीं बल्कि जनता की दूरदृष्टि से तरक्की की जिसने भाजपा सरकार चुनी। उन्होंने इस इलाके के लोगों से राजस्थान में भी विकास सुनिश्चित करने के लिए भाजपा को वोट देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस विकास के नाम पर कुछ नहीं करना चाहती। वह बस चुनाव से पहले रेवड़ियां बांटती हैं। उन्होंने दावा किया कि जब पाली और उसके आसपास के क्षेत्र के लोग बीमार पड़ते हैं तो वे इलाज के लिए पड़ोसी राज्य गुजरात जाते हैं, क्योंकि कांग्रेस शासित इस राज्य के इस क्षेत्र में उचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं है।

मोदी ने कांग्रेस पर 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले किए गए इस वादे पर कि सत्ता में आने पर 100 दिन के अंदर महंगाई पर काबू किया जाएगा, लोगों से धोखा करने का आरोप लगाया। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi