Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

राजस्थान में 168 महिलाएं आजमा रही हैं किस्मत

Advertiesment
हमें फॉलो करें राजस्थान विधानसभा चुनाव 2013
जयपुर , सोमवार, 18 नवंबर 2013 (16:37 IST)
FILE
जयपुर। राजस्थान में इस बार आगामी 1 दिसंबर को होने वाले 14वीं विधानसभा के आम चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पर्यटन मंत्री बीना काक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रा सिंह, पूर्व राजकुमारी दीया कुमारी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया सहित 168 महिलाएं अपने चुनावी किस्मत आजमा रही हैं।

इस चुनाव में राजे झालावाड़ के झालरापाटन से एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला पूर्व विधायक मीनाक्षी चंद्रावत से है। राजे राज्य में चौथी बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं और प्रदेश में इस बार भाजपा की सरकार बनने पर उनके दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद है। वे वर्ष 2003 में दूसरी बार विधायक बनी और राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनी थी। इससे पहले वे सन 985 में धौलपुर से पहली बार विधायक बनी थी।

9 बार विधायक रहीं एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वयोवृद्ध नेता सुमित्रा सिंह (80) पार्टी के दरकिनार करने के बाद जहां निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं वहीं हाल में राजनीति में आईं जयपुर की पूर्व राजकुमारी दीया कुमारी भाजपा उम्मीदवार के रूप में सवाई माधोपुर से चुनाव लड़ रही हैं।

इस चुनाव में राज्य की शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ जहां फिर अजमेर जिले के पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं वहीं हाल में राजनीति में आई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया चुरु जिले के सादुलपुर से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में पहली बार चुनाव लड़ रही हैं।

इसी तरह इस चुनाव में पर्यटन मंत्री बीना काक, राज्यमंत्री मंजू मेघवाल, मौजूदा विधायक किरण माहेश्वरी, सूर्यकांता व्यास, जाहिदा खान, अनिता गुर्जर, कमला कस्वां, कृष्णेन्द्र कौर दीपा, रोहिणी कुमारी, जकिया एवं अनिता भदेल एक बार फिर चुनाव मैदान में खड़ी हैं।

इस तरह इस चुनाव में मौजूदा 16 महिला विधायक एवं 3 पूर्व विधायक फिर चुनाव लड़ रही हैं। इनमें काक एवं व्यास 5वीं बार और दीपा 4थी बार विधायक बनने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस विधायक निर्मला सहरिया की मां छतरीबाई सहरिया किशनगंज (एसटी) से तथा बाड़मेर से पूर्व मंत्री गंगाराम चौधरी की पोती डॉ. प्रियंका चौधरी चुनाव लड़ रही हैं।

इसके अलावा भंवरी मामले में जेल में बंद पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की पत्नी लीला मदेरणा तथा इसी मामले में जेल में बंद कांग्रेस विधायक मलखान सिंह की मां एवं पूर्व मंत्री रामसिंह विश्नोई की पत्नी अमरी देवी (78) भी चुनाव मैदान में ताल ठोंक रही हैं।

इसी तरह इस चुनाव में कांग्रेस की प्रवक्ता अर्चना शर्मा जयपुर के मालवीय नगर से भाजपा के मजबूत उम्मीदवार एवं 6ठी बार विधायक बनने के लिए चुनाव लड़ रहे कालीचरण सर्राफ के सामने चुनाव लड़ रही हैं। इसी तरह राष्ट्रीय जन पार्टी (राजपा) की प्रदेश अध्यक्ष एवं निर्दलीय विधायक गोलमा देवी राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ (एसटी) एवं महुआ विधानसभा क्षेत्र दो जगहों से चुनाव लड़ रही हैं।

चुनाव विभाग के अनुसार गत 13वीं विधानसभा आम चुनाव के मुकाबले इस बार महिला उम्मीदवारी में 9 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। वर्ष 2008 में हुए 13वीं विधानसभा चुनाव में कुल 154 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था।

विभाग के अनुसार इस बार 93 सामान्य, 42 अनुसूचित जाति तथा 33 अनुसूचित जनजाति की महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार महिला प्रत्याशियों की संख्या बढ़ाते हुए 24 महिलाओं को टिकट दिया है जिसमें 15 सामान्य, 3 अनुसूचित जाति एवं 6 महिला प्रत्याशी अनुसूचित जनजाति की हैं। हालांकि इस बार कांग्रेस ने केवल 1 महिला प्रत्याशी बढ़ाया है।

मुख्य विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार 27 महिलाओं को टिकट दिया है जिसमें 14 सामान्य, 10 अनुसूचित जाति एवं 2 अनुसूचित जनजाति की महिलाएं शामिल हैं। भाजपा ने इस बार गत चुनाव के मुकाबले 5 महिला उम्मीदवार कम चुनाव मैदान में उतारे हैं।

इसी तरह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 12 एवं नेशनल पीपुल्स पार्टी (राजपा) ने 15 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। गत विधानसभा चुनाव में बसपा ने 12 महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे लेकिन जीत किसी को नसीब नहीं हुई।

पिछले विधानसभा चुनाव में कुल 154 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में थीं जिनमें 28 महिलाएं चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचीं जिसमें कांग्रेस एवं भाजपा की 13-13 तथा 2 निर्दलीय थीं।

उल्लेखनीय है कि इस बार चुरु में बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जगदीश की मृत्यु के बाद 199 विधानसभा क्षेत्रों के लिए आगामी 1 दिसंबर को होने वाले चुनाव में कुल 2087 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। गत विधानसभा चुनाव में कुल 2,194 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे जिनमें 154 महिला प्रत्याशी थी।

गत चुनाव में 28 महिलाएं चुनाव जीत पाईं जिनमें 104 महिलाओं की जमानत जब्त भी हो गई। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi