Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

लखनऊ में बलात्कार के बाद महिला की हत्या

Advertiesment
हमें फॉलो करें लखनऊ
लखनऊ , गुरुवार, 17 जुलाई 2014 (21:49 IST)
FILE
लखनऊ। उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में बीती रात कुछ लोगों ने एक महिला के साथ कथित रूप से बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या कर दी और शव को निर्वस्त्र अवस्था में ही एक स्कूल में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि गांव के चौकीदार अनोखेलाल ने मोहनलालगंज थाने को सूचित किया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे खेतों की ओर जाते समय उसने बालसिंहखेड़ा गांव के प्राथमिक विद्यालय के निकट महिला का निर्वस्त्र शव देखा।

पुलिस के मुताबिक अभी तक न तो महिला की शिनाख्त हुई है और न ही अपराधियों का पता चल पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि विद्यालय परिसर में खून बिखरा हुआ था। फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों ने खून के नमूने एकत्र कर लिए हैं। उन्हें युवती के पायल के घुंघरू भी मौके पर मिले हैं, जिनके आधार पर जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि विद्यालय की कच्ची जमीन पर पैरों के अलग-अलग निशान पाए गए हैं और कई जगह पान मसाला खाकर थूकने के भी धब्बे हैं। इससे लगता है कि महिला के साथ संभवत: कई लोगों ने बलात्कार किया होगा। घटना के सिलसिले में स्थानीय ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।

शव ऐसे स्थान से बरामद हुआ है, जिसके निकट ही जबरौली गांव में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन आज आए थे। दिलचस्प बात ये है कि क्लिंटन की यात्रा के मद्देनजर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।

इस बीच घटना की कड़ी निन्दा करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने कहा कि उन्होंने पार्टी की जिला इकाई से कहा है कि यदि पुलिस उचित कार्रवाई न करे तो थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया जाए।

भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने भी घटना की निन्दा करते हुए कहा कि बदायूं घटना के बाद महिलाओं को सुरक्षा मुहैया करने के अखिलेश सरकार के भारी-भरकम दावे की पोल आज की घटना खोल रही है।

उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि क्लिंटन की यात्रा के मद्देनजर जिस इलाके में सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा की गई, वहां पुलिस ऐसे जघन्य अपराध का पता लगाने में विफल रही। पाठक ने इसे पुलिस की विफलता करार दिया।

इस बीच पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) अमरेन्द्र सेंगर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बलात्कार और हत्या का लगता है। हत्या कैसे की गई, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही लग सकेगी। सेंगर ने बताया कि तीन डॉक्टरों का एक दल पोस्टमार्टम करेगा। पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि डॉक्टरों से कहा गया है कि वे विशेष तौर पर ये रिपोर्ट दें कि बलात्कार हुआ या नहीं और डीएनए भी सुरक्षित रखें, ताकि मृतका की पहचान की जा सके। पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi