Publish Date: Sun, 30 Mar 2025 (15:57 IST)
Updated Date: Sun, 30 Mar 2025 (16:02 IST)
Amit Shah in Bihar : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर सीधा हमला करते हुए रविवार को कहा कि जो लोग गायों का चारा खाते हैं, वह बिहार के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते।
गोपालगंज में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि केंद्र और बिहार दोनों जगह की राजग सरकारें राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही हैं। जो लोग जानवरों का चारा खाते हैं, वे राज्य के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते। लालू जी अलकतरा घोटाला, बाढ़ राहत सामग्री आपूर्ति घोटाला, चरवाहा विद्यालय घोटाला में शामिल थे। उन्होंने गायों का चारा भी खाया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया, यहां (बिहार) लालू-राबड़ी सरकार और केंद्र में सोनिया-मनमोहन सरकार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। लालू प्रसाद ने सिर्फ अपने परिवार के लिए काम किया।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद ने अपने दोनों बेटों को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश की। अपनी पत्नी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी कर रहे हैं, अपनी बेटी को राज्यसभा भेजा, लेकिन लोगों के लिए कुछ नहीं किया। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राजग सरकार बिहार के समग्र विकास के लिए काम कर रही है।
शाह ने कहा कि अगले पांच सालों में बिहार को बाढ़ मुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजग सरकार बिहार में देवी सीता के जन्मस्थान (पुनौरा धाम) पर एक विशाल मंदिर का निर्माण भी कर रही है। सीतामढ़ी शहर से लगभग 5 किलोमीटर पश्चिम में स्थित पुनौरा धाम में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आते हैं।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें