Publish Date: Wed, 17 May 2017 (13:58 IST)
Updated Date: Wed, 17 May 2017 (21:47 IST)
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनसे जुड़े ठिकानों पर मंगलवार को आयकर छापे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र राजद के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को यहां कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भाजपा कार्यालय पर हमला कर दिया, जिसके बाद दोनों ओर से हुई पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए।
सूत्रों ने यहां बताया कि छात्र राजद के कार्यकर्ता हाथों में लाठी और झंडा लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के विरोध में नारे लगाते हुए वीरचंद पटेल पथ स्थित राजद कार्यालय से आयकर गोलंबर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राजद के कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के निकट रुक गए और भाजपा के खिलाफ नारे लगाने लगे। इसके बाद कुछ उत्तेजित कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश में गेट तक पहुंच गए। इस पर कार्यालय में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई।
दोनों ओर से पथराव की घटना में कुछ लोगों को चोटें आई हैं। इस दौरान कई गाड़ियों के भी शीशे तोड़ दिए गए। बाद में पुलिस ने राजद कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय से दूर खदेड़ दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना देकर वीरचंद पटेल पथ को जाम कर दिया।