Publish Date: Sun, 18 Jan 2015 (15:08 IST)
Updated Date: Sun, 18 Jan 2015 (15:13 IST)
देहरादून। केंद्र द्वारा उत्तराखंड में 2500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों में हिमस्खलन के पूर्वानुमान के मद्देनजर राज्य के ऊंचाई पर स्थित जिलों में सतर्कता बरती जा रही है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक संदेश के हवाले से रविवार को यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार 21 से 23 जनवरी के बीच चमोली, पौढ़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य सचिव एन. रविशंकर ने इन जिलों के जिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में जरूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इसमें कहा गया है कि जिलाधिकारियों को चिह्नित संवेदनशील क्षेत्रों और आपदा की आशंका वाले इलाकों पर नजर रखने को कहा गया है।
विज्ञप्ति के मुताबिक इन क्षेत्रों में और आसपास रहने वाले लोगों को उक्त अवधि के दौरान बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। उन्हें अपने घरों की छतों पर जमा होने वाली बर्फ को भी नियमित हटाने की सलाह दी गई है, ताकि कोई नुकसान नहीं हो।
विज्ञप्ति के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के 2500 मीटर ऊंचे क्षेत्रों तथा जम्मू-कश्मीर में 2,700 मीटर ऊंचाई पर स्थित इलाकों में हिमस्खलन की आशंका जताई है। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Sun, 18 Jan 2015 (15:08 IST)
Updated Date: Sun, 18 Jan 2015 (15:13 IST)