Publish Date: Sat, 07 Jan 2017 (12:17 IST)
Updated Date: Sat, 07 Jan 2017 (12:23 IST)
आईटी सिटी बेंगलुरु में अभी 31 दिसंबर की छेड़छाड़ की घटना ही सुर्खियों में बनी हुई है, इसी बीच शहर के केजी हल्ली इलाके में गुरुवार शाम एक बुर्काधारी महिला के साथ छेड़छाड़ की घटना हो गई।
जिस समय यह घटना हुई महिला बस स्टैंड की ओर जा रही थी। तभी एक युवक ने उसका पीछा शुरू कर दिया और अश्लील टिप्पणियां करने लगा। एक सुनसान जगह पर उसने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने जब छेड़छाड़ का विरोध किया तो लफंगे ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवती के होठ, जीभ और हाथों पर चोट आई है।
युवती ने तत्काल अपने परिजनों को फोन पर घटना की सूचना थी। परिजनों के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में पीड़िता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिजनों ने घटनास्थल के पास एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है, लेकिन पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया है।
उल्लेखनीय है कि 31 दिसंबर की रात बेंगलुरू में 1500 पुलिसकर्मियों के सामने सामूहिक रूप से महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की वारदात सामने आई थी। उसके बाद उसी रात कम्मनहल्ली रोड पर एक युवती के साथ भी मनचलों ने अश्लील हरकतें करते हुए उसे पीटा था।