Publish Date: Tue, 07 Jun 2016 (16:19 IST)
Updated Date: Tue, 07 Jun 2016 (16:26 IST)
भिण्ड। पिछले दो साल से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाने का सपना देखने वाला मध्यप्रदेश के भिंड जिले का एक युवक एक बैंक में चोरी करने के मामले में पुलिस के हत्थे चढ गया है। ये छात्र दो साल से इंदौर में रहकर यूपीएससी (संघ लोकसेवा आयोग) की तैयारी कर रहा था, लेकिन रातों-रात अमीर बनने की ख्वाहिश के चलते युवक चोरी के जाल में फंस गया। स्टेट बैंक में चोरी के मामले में पुलिस ने कल उसे उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने यहां बताया कि भिंड निवासी दीपक भदौरिया कुछ ही दिन पहले इन्दौर से भिण्ड आया था। यहां रातोंरात करोड़पति बनने के फेर में उसने अपने तीन दोस्तों के साथ बैंक में चोरी करने की साजिश रची। दीपक ने बैंक के चपरासी मनोज को भी अपने साथ मिला कर उसे चोरी के बाद चार लाख रुपए देने का वायदा किया था।
मीणा के मुताबिक दो और तीन जून की रात दीपक भदौरिया अपने दोस्त रिंकू तोमर, मनीष शर्मा और कुशलराज को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा पहुंचा। चारों चोर बैंक के ताले तोडकर अंदर घुस गए, लेकिन वहां का स्ट्रांग रूम नहीं तोड़ पाए।
चोरी करने में असफल चारों चोर जाते-जाते कम्प्यूटर की एलसीडी ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर एलसीडी व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पकड़ गए चोरों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब चपरासी से भी पूछताछ करेगी। (वार्ता)