Publish Date: Fri, 07 Aug 2020 (09:46 IST)
Updated Date: Fri, 07 Aug 2020 (09:49 IST)
मुंबई। भोजपुरी अदाकारा अनुपमा पाठक ने उत्तरी मुंबई के उपनगर दहिसर स्थित अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि पाठक (40) का शव रविवार को उनके किराए के फ्लैट में लटका मिला। बिहार के पूर्णिया की रहने वाली पाठक मुंबई आकर भोजपुरी फिल्मों और टीवी शो में काम करती थीं।
आत्महत्या करने से 1 दिन पहले उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो डाला था जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें धोखा दिया गया है और अब वे किसी पर विश्वास नहीं कर पाएंगी। वीडियो में उन्होंने किसी पर विश्वास न कर पाने और मदद के लिए किसी दोस्त के न होने की बात कही थी।
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (34) की मौत के मामले से पहले ही खलबली मची है। राजपूत अपने उपनगर बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में 14 जून को मृत मिले थे। इससे पहले राजपूत की पूर्व प्रबंधक दिशा सालियान की 9 जून को कथित रूप से एक ऊंची इमारत से गिरने से मौत हो गई थी। करीब 1 महीने पहले 15 मई को टीवी अभिनेता मनमीत ग्रेवाल ने भी मुंबई में अपने घर में फांसी लगा ली थी। टेलीविजन अभिनेता समीर शर्मा (44) भी उपनगर मलाड स्थित अपने घर में बुधवार को मृत मिले थे। (भाषा)