Publish Date: Thu, 03 Oct 2024 (17:12 IST)
Updated Date: Thu, 03 Oct 2024 (17:16 IST)
Ashok Tanwar joins Congress : भारतीय जनता पार्टी (BJP) को झटका देते हुए उसके वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर हरियाणा में विधानसभा चुनाव से 2 दिन पहले गुरुवार को महेंद्रगढ़ जिले में राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस में शामिल हो गए। तंवर अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हुए थे। आप में शामिल होने से पहले वे कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में भी रहे थे।
जैसे ही गांधी अपना भाषण समाप्त कर रहे थे, मंच से एक घोषणा की गई जिसमें दर्शकों से कुछ मिनट प्रतीक्षा करने को कहा गया। इसके तुरंत बाद तंवर मंच पर आए और घोषणा की गई कि आज उनकी घर वापसी हो गई है।
तंवर इस वर्ष की शुरुआत में भाजपा में शामिल हुए थे। तंवर ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ मतभेदों के बाद 2019 में पार्टी छोड़ दी थी। पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार शाम छह बजे समाप्त होने से कुछ घंटे पहले वे पार्टी में शामिल हुए।
तंवर को एक समय राहुल गांधी का करीबी माना जाता था। दलित समुदाय के नेता तंवर की कांग्रेस में वापसी से पार्टी को मजबूती मिलने की संभावना है। कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष तंवर ने गांधी से हाथ मिलाया और हुड्डा का अभिवादन किया, जिन्होंने उनका पार्टी में स्वागत किया और उनकी पीठ थपथपाई।
मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल भी मौजूद थे। तंवर अप्रैल 2022 में आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए थे। आप में शामिल होने से पहले वे कुछ समय के लिए तृणमूल कांग्रेस में भी रहे थे।(भाषा) फोटो सौजन्य : सोशल मीडिया
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें