Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

धर्मशाला के भाजपा विधायक पर पत्नी ने लगाया शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप

हमें फॉलो करें धर्मशाला के भाजपा विधायक पर पत्नी ने लगाया शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
, शनिवार, 26 जून 2021 (14:25 IST)
शिमला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से भारतीय जनता पार्टी के विधायक विशाल नेहरिया के खिलाफ उनकी पत्नी ने शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। नेहरिया की पत्नी हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचपीएएस) की 2020 बैच की अधिकारी ओशिन शर्मा का 11 मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में शर्मा ने भाजपा विधायक पर आरोप लगाया है कि गुरुवार को नेहरिया ने उन्हें 3 बार थप्पड़ मारे।

 
कांगड़ा जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) के नगरोटा सूरियान में शर्मा प्रखंड विकास अधिकारी के रूप में तैनात हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरिया ने कई बार उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया। नेहरिया और शर्मा की शादी 2 महीने पहले 26 अप्रैल को हुई थी। उन्होंने कहा कि अब वे अपने मायके लौट आई हैं। एचपीएएस अधिकारी का दावा है कि नेहरिया ने इस साल फरवरी में चंडीगढ़ के होटल में उनकी पिटाई की थी।

 
भाजपा विधायक को इस आरोप पर टिप्पणी करने के लिए जब कॉल या संदेश भेजा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। नेहरिया (32) 24 अक्टूबर, 2019 को उपचुनाव में धर्मशाला के विधायक निर्वाचित हुए थे। शर्मा का आरोप है कि उनके पति ने उन्हें शादी के चौथे दिन घर से बाहर निकाल दिया, क्योंकि वे कोरोनावायरस संक्रमण से संक्रमित पाई गई थीं। उन्होंने कहा कि नेहरिया ने फिर खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जिसके बाद वे वापस लौट आईं।
 
अधिकारी ने कहा कि वे नेहरिया को कॉलेज में पढ़ाई के दौरान से जानती हैं और तब भी दोनों का रिश्ता टूट गया था, क्योंकि उस समय भी नेहरिया उनकी पिटाई करते थे। अधिकारी ने बताया कि नेहरिया ने विधायक बनने के बाद 2019 में शादी का प्रस्ताव रखा तो उन्हें लगा कि वह सच में उन्हें पसंद करते हैं और इस वजह से वे शादी को राजी हो गईं। शर्मा ने अपने ससुराल वालों पर दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने विवाह के समय परिवार को 1.20 लाख रुपए की सोने की चेन और 1 लाख रुपए मूल्य की अंगूठी शादी में दी थी। उन्होंने कहा कि उनके ससुराल वालों ने भी उन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

लाइव न्‍यूज में इस एंकर ने कह दिया ‘चैनल नहीं दे रहा सैलरी, क्‍या करें, हम भी इंसान हैं’!