Publish Date: Wed, 12 Oct 2016 (14:37 IST)
Updated Date: Wed, 12 Oct 2016 (14:47 IST)
कन्नूर (केरल)। एक सनसनीखेज घटनाक्रम में पिनराई में बुधवार को भाजपा के 25 वर्षीय एक कार्यकर्ता की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। यह घटना जिले में माकपा के एक कार्यकर्ता की हत्या के 2 दिन के बाद हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रेनिथ के रूप में की गई है तथा यह घटना पिनराई में एक पेट्रोल पंप के नजदीक सुबह करीब 10.30 बजे पर हुई। पिनराई मुख्यमंत्री पिनराई विजयन का गृह जिला है।
कन्नूर का भी कार्यभार संभाल रहे वायनाड के पुलिस अधीक्षक के. कार्तिक ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए वे घटनास्थल पर जा रहे हैं। हाल के दिनों में कन्नूर में राजनीतिक कार्यकर्ताओं पर कई हमले देखने को मिले हैं।
जिले के पथिरियाड में 2 दिन पहले 6 सदस्यीय गिरोह ने माकपा के 1 कार्यकर्ता और ताड़ी दुकान में काम करने वाले मोहनन (40) की हत्या कर दी गई थी। माकपा ने हमले के लिए आरएसएस पर अंगुली उठाई थी। (भाषा)