Publish Date: Mon, 17 Jul 2017 (18:45 IST)
Updated Date: Mon, 17 Jul 2017 (18:48 IST)
सहारनपुर। उतरप्रदेश के सहारनपुर में थाना गंगोह के अंतर्गत विवाह में दूल्हे द्वारा एसयूवी की मांग करने पर दुल्हन ने निकाह करने से इंकार कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया। देर रात बारात बिना निकाह के वापस लौट गई।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिह ने बताया कि गंगोह के प्रभा गार्डन में रविवार को ताताहेडी निवासी एक व्यक्ति की बेटी से निकाह करने के लिए पड़ोसी जनपद शामली के भूरा कडेला निवासी परवेज पुत्र जमशेद बारात लेकर यहां आया था।
सिंह ने बताया कि निकाह की रस्म जब अदा की जा रही थी, तभी दुल्हे ने कहा कि निकाह की रस्म तब अदा होगी जब लड़की वाले फाच्यूर्नर गाड़ी देंगे। दोनों पक्षों के लोगों ने दूल्हे को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह अपनी बात से टस से मस नहीं हुआ। देर रात तक दोनों पक्षों के लोग इस समस्या का हल करने में जुटे रहे लेकिन दुल्हन ने साफ तौर पर निकाह करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि देर रात बिना दुल्हन के दूल्हा अपने बारातियों को लेकर वापस चला गया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से कोई रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। (भाषा)