Publish Date: Tue, 20 Aug 2024 (16:28 IST)
Updated Date: Tue, 20 Aug 2024 (16:31 IST)
Judgement of Calcutta High Court: कलकत्ता उच्च न्यायालय (Calcutta High Court) ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पश्चिम बंगाल इकाई को आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक (woman doctor) के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना के खिलाफ 21 अगस्त से 5 दिन तक श्याम बाजार मेट्रो स्टेशन, कोलकाता के समीप धरना-प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी।
राज्य सरकार की ओर से पेश वकील ने कहा कि केवल 1 दिन के लिए प्रदर्शन की अनुमति दी जाए। उसने दावा किया कि 5 दिन तक धरना-प्रदर्शन से आम जनता को असुविधा होगी। भाजपा की ओर से पेश वकील ने बुधवार से 6 दिन तक प्रदर्शन करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
5 दिन तक धरना देने की अनुमति दे दी : दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति राजर्षि भारद्वाज ने भाजपा को प्रस्तावित स्थल पर 5 दिन तक धरना देने की अनुमति दे दी। यह स्थल आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से करीब आधा किलोमीटर दूर है। अदालत ने निर्देश दिया कि बुधवार से रविवार तक हर दिन दोपहर 12 से रात 9 बजे तक प्रदर्शन में 300 से अधिक लोग नहीं होने चाहिए।
चिकित्सक के साथ दुष्कर्म और हत्या : कोलकाता में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 9 अगस्त को ड्यूटी के दौरान स्नातकोत्तर प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के अगले दिन 1व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
घटना के बाद से देशभर के चिकित्सक मृतका के परिवार को न्याय दिलाने तथा कार्य स्थलों पर बेहतर सुरक्षा के लिए कानून लाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले सप्ताह कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बाद कोलकाता पुलिस से इस मामले की जांच का जिम्मा खुद लिया।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें