Publish Date: Sun, 08 Jan 2017 (16:00 IST)Updated Date: Sun, 08 Jan 2017 (16:04 IST)
सोनभद्र। उत्तरप्रदेश में सोनभद्र के घोरावल क्षेत्र में एक घर में मगरमच्छ के घुसने से हड़कंप मच गया।
वन विभाग के सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि धुरकरी ग्राम पंचायत निवासी राजेन्द्र मौर्य के घर में शनिवार रात करीब 10 बजे एक 4 फुट लंबा मगरमच्छ घुस गया। परिजनों की नजर घर में घुसे मगरमच्छ पर पड़ी तब वे घबरा गए और घर से निकलकर बाहर भागे। घर में मगरमच्छ घुसने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग की टीम ने जाल से मगरमच्छ को अपने कब्जे में लिया। उन्होंने मगरमच्छ को बकहर नदी में छोड़ दिया। वन विभाग के सूत्रों का कहना है घोरावल क्षेत्र मगरमच्छ और जंगली जानवरों का गढ़ माना जाता है लेकिन सुरक्षा के लिए सरकार या विभाग द्वारा कोई इंतजाम नहीं किया गया है। (वार्ता)