Publish Date: Sun, 14 Jan 2018 (18:57 IST)
Updated Date: Sun, 14 Jan 2018 (18:58 IST)
चंडीगढ़। हरियाणा में अलग-अलग घटनाओं में दो दलित लड़कियों के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म कर उनकी हत्या कर दी गई। कुछ दिन पहले छह वर्षीय बच्ची के साथ इसी तरह की घटना से पूरा राज्य दहल उठा था। पुलिस ने बताया कि लड़कियों में एक 15 वर्षीय छात्रा के साथ बर्बरता की गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूसरी घटना में 11 वर्षीय एक लड़की का शव आज सुबह पानीपत जिले के एक गांव में पाया गया। अधिकारी ने बताया कि दो लोगों ने कल शाम लड़की का अपहरण कर लिया था। पानीपत के पुलिस अधीक्षक ने फोन पर पीटीआई को बताया कि इस घटना के मामले में लड़की के पड़ोस में रहने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
लड़की का अपहरण करने के बाद आरोपी उसे एक घर में ले गए जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूतों को नष्ट करने के लिए उन्होंने कपड़े भी जला दिए। मंगलवार से लापता 15 वर्षीय लड़की का शव जींद जिले के सफीदून कस्बे के बुढा खेड़ा गांव में नहर के पास मिला। लड़की कुरूक्षेत्र जिले की रहने वाली थी। घटना की जांच के लिए दो विशेष जांच टीम बनाई गई है। (भाषा)