Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

इंदौर के डीआईजी राकेश गुप्ता का उज्जैन तबादला

Advertiesment
हमें फॉलो करें DIG Rakesh Gupta
इंदौर , शुक्रवार, 15 मई 2015 (22:11 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश सरकार ने आज यहां भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 77 अधिकारियों का तबादला कर दिया।  इस सूची के अनुसार इंदौर जोन के डीआईजी राकेश गुप्ता का तबादला इसी पद पर उज्जैन किया गया है। गुप्ता की जगह ग्वालियर के एसएसपी संतोष कुमार सिंह इंदौर के नए डीआईजी होंगे।
 
1999 की बैच के आईपीएस राकेश गुप्ता उज्जैन के एसपी रह चुके हैं। उन्हें पदोन्नत करके ही इंदौर डीआईजी का कार्यभार दिया गया था। चूंकि अ‍गले वर्ष उज्जैन में सिंहस्थ का महा-आयोजन होने जा रहा है, इसीलिए समझा जाता है कि राज्य शासन उनके सफलतापूर्वक अनुभव का लाभ लेने के तहत उन्हें उज्जैन डीआईजी की जिम्मेदारी सौंपने जा रहा है।
 
गुप्ता का इंदौर में कार्यकाल भी उल्लेखनीय रहा। शहर की आम जनता को अधिक से अधिक जानकारी मिले और वे हमेशा अपडेट रहें इसीलिए उनके कार्यकाल में इंदौर पुलिस की वेबसाइट बनी।
 
राज्य शासन की तबादला सूची में इंदौर के भी कई पुलिस अधिकारी प्रभावित हुए हैं। इंदौर पश्चिम के एसपी आबिद खान और मुख्यालय एसपी अनिल कुमार शर्मा का तबादला किया गया है। आबिद खान को झाबुआ का एसपी बनाया गया है जबकि अनिल शर्मा की नवीन पदस्थापना शाजापुर एसपी के रूप में की गई है। 
 
झाबुआ एसपी कृष्णावेणी देसावातु को विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) 34वीं वाहिनी धार का कमांडेट बनाया गया है। आलीराजपुर एसपी अखिलेश झा को एसपी इंदौर (मुख्यालय) बनाया गया है। उनकी जगह कुमार सौरभ आलीराजपुर के एसपी होंगे, जो कि विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) 14वीं वाहिनी, ग्वालियर के कमांडेंट हैं।
 
उल्लेखनीय है कि कृष्णावेणी देसावातु का झाबुआ एसपी के रूप में यह दूसरा कार्यकाल था। वे निजी कारणों के चलते झाबुआ से जाना भी चाहती थीं। वहीं आलीराजपुर एसपी अखिलेश झा को लगभग 3 साल पूरे होने के चलते आलीराजपुर से स्थानांतरित किया गया है।
 
इंदौर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) सुश्री सिमाला प्रसाद को गुना में सेनानी, 26वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल बनाया गया है। इंदौर के सीएसपी आदित्य प्रताप सिंह को सेनानी, 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर भेजा जा रहा है।
 
1999 की बैच की आईपीएस श्रीमती मीनाक्षी शर्मा (एएसएफ इंदौर में पुलिस महानिरीक्षक) को नारकोटिक्स इंदौर में पुलिस महानिरीक्षक पद पर तबादला किया गया है। 
 
इसी तरह डीके सिंह (सेनानी, प्रथम वाहिनी विसबल इंदौर) को सेनानी, 6वीं वाहिनी जबलपुर भेजा जा रहा है। एडीजी चयन हेड क्वार्टर भोपाल के मिलिंद कानस्कर को एडीजी आर एपीटीसी इंदौर बनाया गया है।

तबादला सूची में रमन सिंह को भोपाल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। इससे पहले रमन सिंह सिहोर जिले के पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात थे।
 
श्रीनिवास वर्मा के स्थान पर भोपाल के एसएसपी होंगे जबकि वर्मा को पदोन्नत करके रीवा रेंज का महानिरीक्षक बना दिया गया है। मैथिली शरण गुप्त को होमगार्डस के महानिदेशक पद पर तैनात किया गया है। गुप्त के स्थान पर अनुराधा शंकर सिंह को विशेष पुलिस महानिदेशक, रेलवे बनाया गया है।
 
इस फेरबदल में कुल 77 आईपीएस अधिकारी प्रभावित हुए हैं जिसमें सिहोर, ग्वालियर, रतलाम, शाजापुर, जबलपुर, दतिया, सतना और शहडोल के पुलिस अधीक्षक शामिल हैं। (वेबदुनिया न्यूज)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi