Publish Date: Wed, 09 Aug 2017 (21:25 IST)
Updated Date: Wed, 09 Aug 2017 (21:30 IST)
दिलीप कुमार को घर ले जाती हुई सायरा बानो
मुंबई। किडनी संबंधी समस्याओं की वजह से आठ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार को बुधवार को छुट्टी दे दी गई। अभिनेता अस्पताल से व्हीलचेयर पर बैठकर अपनी पत्नी सायरा बानो, परिवार, दोस्तों और डॉक्टरों के साथ अस्पताल से बाहर आए।
सायरा ने अभिनेता को बाहर इंतजार कर रहे प्रशंसकों का अभिवादन करने के लिए कहने से पहले उन्हें गले लगाया और चूमा। अभिनेत्री ने अस्पताल के बाहर कहा कि अचानक से हुई यह बीमारी काफी भयानक थी। यह एक बुरे सपने की तरह था। वे अभी बिल्कुल स्वस्थ हैं। सभी लोगों ने इनके ठीक होने की कामना की और भगवान ने सबकी सुन ली। वे खा रहे हैं और धीरे-धीरे बात भी कर रहे हैं। इंशा अल्लाह वे जल्द ही ठीक हो जाएंगे।
अभिनेता (94) को शहर के उपनगरीय बांद्रा के लीलावती अस्पताल में पिछले सप्ताह बुधवार को भर्ती कराया गया था। सायरा ने ट्वीटर पर सभी प्रशंसकों और डॉक्टरों को उनके सहयोग और प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने अभिनेता के अधिकारिक ट्वीटर पेज पर प्रशंसकों, दोस्तों, डॉक्टरों और अभिनेता के निजी सहायकों को प्रार्थना, उपचार और सेवा देने के लिए अभार प्रकट किया है। (भाषा)