Publish Date: Thu, 14 Mar 2024 (18:45 IST)
Updated Date: Thu, 14 Mar 2024 (18:51 IST)
Dispute between two groups of eunuchs in Ballia : बलिया जिले में 2 किन्नरों को चप्पल चाटने के लिए कथित रूप से बाध्य करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले में 2 किन्नर आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें जिले के उभांव थाना क्षेत्र में दो किन्नरों के बाल काटने के बाद उन्हें कथित तौर पर चप्पल चाटने के लिए मजबूर करते देखा जा सकता है।
2 आरोपी गिरफ्तार : पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद फहीम कुरैशी ने गुरुवार को बताया कि दोनों किन्नरों को अगवा किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक किन्नर को बरामद कर लिया है और दो आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि बीबीपुर गांव की किन्नर पूजा की तहरीर पर पांच अन्य किन्नरों के खिलाफ बुधवार को भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मारपीट कर जबरन वाहन में बैठाया : उन्होंने बताया कि पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में किन्नर पूजा ने कहा कि 10 मार्च को बहोरवा गांव में अपने साथियों के साथ नृत्य-गाने का कार्यक्रम कर रही थीं। इस बीच, वाहन से आए लोगों ने उनकी साथी नैना और पायल से मारपीट की और उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले गए।
पुलिस ने किन्नर पायल उर्फ राजकुमार किन्नर को पड़ोस के देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। इसके साथ ही दो आरोपियों मनीषा किन्नर व राहुल सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि यह मामला किन्नरों के दो समूह के बीच क्षेत्राधिकार से जुड़ा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें