Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भाजपा में गुटबाजी नहीं, हार की होगी समीक्षा

हमें फॉलो करें भाजपा में गुटबाजी नहीं, हार की होगी समीक्षा
webdunia

अवनीश कुमार

लखनऊ। सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है, कहीं पर कोई भी समस्या नहीं है। कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को बराबर सम्मान दिया जा रहा है। रही बात गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में हार की तो उसकी समीक्षा के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा। यह बातें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कही।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता से निपटाने की बात कही। इसके बाद पांडेय पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में मीडिया से मुखातिब हुए।

पत्रकारों ने सवाल किया कि कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिल पा रहा है जिसके चलते गोरखपुर और फूलपुर में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इस पर प्रदेशध्यक्ष ने कहा कि सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल है, कहीं पर कोई समस्या नहीं है। पार्टी में किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को बराबर सम्मान दिया जा रहा है। रही बात हार की तो लोकतंत्र में हार-जीत होती ही रहती है, पर हम यह पता लगाने में जुट गए हैं कि कहां पर कमी रह गई है। इसके लिए जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जाएगा और उसी के अनुसार उन कमियों को दूर कर लिया जाएगा। इन चुनाव परिणामों का आगामी लोकसभा चुनाव में कोई असर नहीं पड़ेगा और एक बार फिर जनता केन्द्र में नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

पांडेय ने कहा कि उपचुनाव में स्थानीय मुद्दे ज्यादा प्रभावित करते हैं और यही हार का कारण भी हो सकता है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के घर-घर तक जाएंगे और उनको साथ लेकर लाभार्थी परक योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।

पांडेय ने कहा कि अभी तक सरकार की ओर से जिन लोगों को लाभ दिया गया है, उनसे भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा 26 मार्च से लाभार्थी सम्मेलन शुरू किए जाएंगे जो अप्रैल माह तक चलेंगे। इस दौरान विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य, जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, रमेश राजपूत आदि मौजूद रहे।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

जितना मन हो उतना खाएं, जितनी मर्जी हो बिल चुकाएं