Publish Date: Mon, 03 Jul 2023 (22:12 IST)
Updated Date: Mon, 03 Jul 2023 (22:16 IST)
मुंबई। NCPBreaksUp: महाराष्ट्र में सियासी उठापटक के बीच राजनीतिक गलियारों से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच ये बातें भी सामने आने लगी कि अजित के साथ आने पर भाजपा शिंदे से नाता तोड़ देगी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को उन अटकलों को खारिज कर दिया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता अजित पवार के महाराष्ट्र सरकार में शामिल हो जाने के बाद वह शिवसेना नेता व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को किनारे लगा सकती है।
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने दावा किया है कि शिंदे लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में दावा किया है कि भाजपा महाराष्ट्र में (48 में से) 45 से अधिक लोकसभा सीट जीतना चाहती है और उसे लगता है कि शिंदे इस दिशा में कुछ नहीं कर सकते।
मुखपत्र में कहा गया कि शिंदे को (पिछले साल जून में मुख्यमंत्री के रूप में) लाते समय भाजपा ने मराठा कार्ड खेला था। अब उनके पास अजित पवार के रूप में बेहतर मराठा नेता है।
वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक प्रकाश अकोलकर ने कहा कि राज्य के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम से लगता है कि शिंदे को दरकिनार किया जा रहा है, क्योंकि देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार दोनों ही मौजूदा मुख्यमंत्री की तुलना में मुखर, आक्रामक और बेहतर प्रशासक हैं।
हालांकि, भाजपा के वरिष्ठ नेता माधव भंडारी ने कहा कि ये सारी बातें हवाबाजी के अलावा और कुछ नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि सबसे पहली बात तो यह है कि विधानसभा अध्यक्ष के पास लंबित अयोग्यता याचिका हमारे खिलाफ नहीं जाएगी। अगर ऐसा होता भी है, तो इसका असर सरकार पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि हमारे पास पर्याप्त संख्या है।
कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने कहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष को मुख्यमंत्री शिंदे सहित शिवसेना के 16 विधायकों की अयोग्यता पर 11 अगस्त तक निर्णय लेना है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि अगर विधानसभा अध्यक्ष शिंदे के पक्ष में फैसला सुनाते हैं, तो महा विकास आघाड़ी सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगी।
शरद पवार वाले गुट के राकांपा प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो ने भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर तंज कसने के लिए दुपहिया और तिपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने ट्विटर पर सवाल किया कि क्या यह सच है? देवेंद्र फडणवीस एक मॉडिफाइड टू व्हीलर गाड़ी चला रहे थे। उन्होंने संतुलन बनाए रखने के लिए कल इसे तिपहिए में फिर से तैयार किया, जबकि अब वह पुराने पहिए को हटाकर फिर से नए टायर के साथ दुपहिया वाहन चलाने जा रहे हैं। पिक्चर अभी बाकी है क्या? भाषा Edited By : Sudhir Sharma