Publish Date: Thu, 27 Jul 2017 (20:21 IST)
Updated Date: Thu, 27 Jul 2017 (20:24 IST)
केंद्रपाड़ा (ओडिशा)। माता-पिता द्वारा जंजीरों से बांधकर रखी गई एक पूर्व रंगमंच अभिनेत्री को केंद्रपाड़ा के जिला प्रशासन ने मुक्त कराया और उपचार के लिए कटक स्थित सरकारी मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती करवाया।
अभिनेत्री को उसके माता-पिता ने जंजीरों में बांध रखा था। उसका व्यवहार असामान्य और हिंसक था। महिला को उपचार के लिए कटक भेजा गया है।
प्रशासन ने मानवीय रुख अपनाते हुए इस मामले को अपने हाथों में लिया। दरअसल अभिनेत्री के माता-पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। उपचार का खर्च जिला प्रशासन जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फंड के जरिए उठा रहा है।
केंद्रपाड़ा के जिलाधिकारी रघु जी ने बताया कि मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी को बीमार महिला के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेते रहने का निर्देश दिया गया है। रंगमंच की अभिनेत्री ने अपनी खूबसूरती और अच्छे अभिनय के बल पर खासा पैसा और शोहरत कमाई थी। लेकिन समय के फेर ने 25 वर्षीय आदिवासी अभिनेत्री को जंजीरों में बांध दिया। (भाषा)