Publish Date: Sun, 23 Apr 2023 (15:51 IST)
Updated Date: Sun, 23 Apr 2023 (15:57 IST)
संबलपुर। ओडिशा सरकार ने संबलपुर में रविवार को दिन के समय का कर्फ्यू और इंटरनेट पर लगी पाबंदी हटा ली। हाल में हनुमान जयंती समारोहों के दौरान संबलपुर में हुई हिंसा की घटनाओं के बाद ये प्रतिबंध लगाए गए थे।
संबलपुर शहर में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं और प्रशासन ने सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी है। शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार के बाद ये निर्णय लिए गए हैं।
हनुमान जयंती समारोहों के दौरान दो समूहों के बीच झड़प हो जाने के बाद 13 अप्रैल को इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई थीं और अगले दिन कर्फ्यू लगा दिया गया था। बाद में ब्रॉडबैंड सेवाएं और लीज्ड लाइनें सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक बहाल की गयी लेकिन मोबाइल इंटरनेट पर रोक 22 अप्रैल तक बढ़ा दी गई।