Publish Date: Fri, 25 Mar 2022 (09:31 IST)
Updated Date: Fri, 25 Mar 2022 (11:01 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वाल्से पाटिल ने गुरुवार को विधानसभा में मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों का खंडन करते हुए कहा कि मुंबई में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों को कोई खतरा नहीं है। आईपीएल 26 मार्च से शुरू हो रहा है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने भी स्पष्ट किया कि उन्हें टूर्नामेंट में किसी आतंकी खतरे के बारे में कोई खुफिया जानकारी नहीं मिली है।
वाल्से पाटिल ने विधानसभा में कहा कि मीडिया के एक वर्ग में मुंबई में आईपीएल में खतरे की खबर आई थी कि कोई रेकी कर रहा है। मुंबई में आईपीएल को कोई खतरा नहीं है। किसी ने भी रेकी नहीं की है, किसी से भी कोई खतरा नहीं है। और पुलिस विभाग ने भी इसे स्पष्ट कर दिया है।
सोशल मीडिया पर कुछ 'अनवैरिफाइड' वायरल संदेशों में कहा गया था कि आतंकवादियों ने होटल ट्राइडेंट, वानखेड़े स्टेडियम के साथ दोनों स्थानों के बीच बस रूट की रेकी की थी, लेकिन पुलिस विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्हें इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है।
मुंबई पुलिस ने गुरुवार को आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा कि वह इस हफ्ते के अंत में शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैयार है। इसमें कहा गया कि 26 मार्च से दक्षिण मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होने वाले क्रिकेट के इस टूर्नामेंट को किसी आंतकी खतरे के बारे में कोई खुफिया जानकारी नहीं मिली है।