Publish Date: Mon, 30 Oct 2017 (11:00 IST)
Updated Date: Mon, 30 Oct 2017 (11:28 IST)
अहमदाबाद। 'जेट एयरवेज' के मुंबई से दिल्ली जा रहे विमान को सोमवार को मार्ग बदलकर 'सुरक्षा संबंधी कारणों' के चलते अहमदाबाद हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
विमान संख्या 9डब्लयू339 ने मुंबई से देर रात 2 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरी थी। उसे आपात स्थिति में सोमवार तड़के 3 बजकर 45 मिनट पर अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उतार दिया गया।
विमान के एक यात्री ने बताया कि 'सुरक्षा संबधी कारणों' के चलते मार्ग बदला गया। सभी यात्रियों को विमान से उतरने के लिए कहा गया और उनकी जांच की गई। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर तैनात एक सुरक्षाकर्मी ने बताया कि धमकीभरा एक फोन आने के बाद विमान का मार्ग बदला गया। विमान में सवार यात्रियों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। 'जेट एयरवेज' के प्रवक्ता ने मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। (एजेंसी)