Publish Date: Sun, 28 May 2017 (20:58 IST)
Updated Date: Sun, 28 May 2017 (21:05 IST)
कानपुर। केन्द्र की मोदी सरकार जहां अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे होने का जश्न में डूबी है तो दूसरी ओर विपक्ष हमला करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा। इसी के चलते कानपुर में कांग्रेस ने पोलखोल प्रदर्शनी के बाद आज एक बार फिर बाकायदा बैनर लगाकर विरोध किया और प्रधानमंत्री को बैनर के माध्यम से धृतराष्ट्र बता डाला।
कानपुर में भारतीय जनता पार्टी केन्द्र की मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर जगह-जगह कार्यक्रम कर लोगों को केंद्र सरकार के कार्यों के बारे में बता रहे हैं तो वहीं आज सुबह होते ही जैसे शहरवासी सड़कों पर निकले तो कांग्रेस के बैनर कई जगह लगे हुए दिखे, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आधुनिक धृतराष्ट्र बताया गया।
चुटकी लेने वाले अंदाज में लगी होर्डिंग में सरकार के कामकाज और वादों को प्रदर्शित किया गया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर प्रकाश अग्निहोत्री के मुताबिक मोदी सरकार ने जनता को अब तक बेवकूफ बनाया है जबकि प्रदेश की योगी सरकार कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह फेल है।
कांग्रेसी नेताओं के मुताबिक फिर भी प्रधानमंत्री मोदी आँखों मे पट्टी बंधे बैठे हैं। भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की हरकत उनकी हताशा बयां कर रही है। यह लोग कुछ भी कर लें प्रदेश व देश की जनता सबका साथ सबका विकास नीति पर बराबर आगे बढ़ती जा रही है।