Publish Date: Tue, 24 Oct 2017 (14:47 IST)
Updated Date: Tue, 24 Oct 2017 (14:48 IST)
कालाबुर्गी। कर्नाटक में अलांद तालुक के खाजूरी गांव में कल रात बदमाशों ने एक महिला का शव कब्र से निकालकर डेढ़ लाख रुपए कीमत के गहने चुराने की घटना को अंजाम देकर मानवता को शर्मसार कर दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका प्रेमाबाई दागे को पांच दिन पहले ही दफनाया गया था और उसके शव के साथ 50 ग्राम सोने के आभूषण भी रखे गए थे। कुछ बदमाशों ने आज तड़के शव को कब्र से निकालकर ये गहने चुरा लिए और शव को पास की झाड़ियों में रखकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमाबाई की कोई संतान नहीं थी और इसी वजह से आभूषण भी कब्र में ही रख दिए गए थे। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शव को ग्रामीणों को सौंप दिया। बदमाशों की तलाश की जा रही है।