Publish Date: Sat, 14 Jan 2017 (09:37 IST)
Updated Date: Sat, 14 Jan 2017 (10:15 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को ठग करार दिया। वह केजरीवाल के इस दावे से कुपित थे कि वह पटियाला सीट से आगामी विधानसभा चुनाव हार जाएंगे।
ट्विटर पर दोनों के बीच वाकयुद्ध का यह दौर दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल द्वारा गुरुवार को इस पोस्ट के साथ शुरू हुआ कि 'कैप्टन इस बार अपना ही चुनाव हार जाएंगे।' सिंह ने जवाब दिया, 'यदि आप इतना ही पक्के हैं तो क्यों आगे आकर मुझसे (चुनाव) नहीं लडते? आप ठग।'
लेकिन केजरीवाल ने अपना निशाना जारी रखा और उन्होंने ट्वीट किया, 'मेरे शब्दों पर ध्यान दीजिए, कैप्टन अमरिंदर, दोनों बादल और मजीठिया अपनी सीटें आप के हाथों हार रहे हैं।' सिंह ने कुछ ही मिनट बाद यह कहते हुए जवाब दिया कि केजरीवाल के ऊंचे बोल कुछ नहीं बल्कि भ्रांति या सफेद झूठ हैं। (भाषा)